
राजनगर (अनूपपुर)
नगर परिषद राजनगर में लगातार गहराते जल संकट को लेकर परिषद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखन पनिका के मार्गदर्शन में नगरवासियों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच पानी की बढ़ती मांग को देखते हुए परिषद द्वारा त्वरित और दीर्घकालिक दोनों प्रकार के समाधान पर काम किया जा रहा है।
टैंकरों के माध्यम से हो रहा जल वितरण

नगर के विभिन्न वार्डों में पानी की समस्या को ध्यान में रखते हुए परिषद द्वारा टैंकरों के माध्यम से जल वितरण किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में जल संकट अधिक गहरा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर टैंकर भेजे जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को पेयजल की कमी का सामना न करना पड़े। परिषद की यह पहल आमजन के लिए राहत का माध्यम बन रही है, हालांकि बढ़ती गर्मी के कारण जल की मांग लगातार बढ़ रही है।
एसईसीएल से संपर्क, वैकल्पिक स्रोतों पर जोर
जल संकट के स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद द्वारा एसईसीएल राजनगर प्रबंधन से भी संपर्क साधा गया है। परिषद द्वारा पत्राचार कर जल के वैकल्पिक स्रोतों को विकसित करने एवं उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की दिशा में पहल की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस सहयोग से नगर को भविष्य में स्थायी जल आपूर्ति व्यवस्था मिल सकती है।
अमृत 2.0 योजना के कार्य में लाई जा रही तेजी
इसके साथ ही सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अमृत 2.0 के अंतर्गत नगर में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक के कार्य को तेजी से पूर्ण कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। अध्यक्ष यशवंत सिंह द्वारा संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। ओवरहेड टैंक के बन जाने से नगर में जल वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पुराने जल स्रोतों के पुनर्जीवन पर फोकस
नगर परिषद द्वारा पुराने जल स्रोतों को भी पुनर्जीवित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। अध्यक्ष यशवंत सिंह एवं सीएमओ लखन पनिका द्वारा नगर के पुराने कुओं एवं हैंडपंपों का निरीक्षण किया जा रहा है। जिन स्रोतों में मरम्मत की आवश्यकता है, उन्हें तत्काल सुधार कर पुनः चालू करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे स्थानीय स्तर पर जल उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जल संकट से निपटने के लिए हर संभव प्रयास जारी

नगर परिषद प्रशासन का कहना है कि जल संकट से निपटना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। परिषद द्वारा तात्कालिक राहत के साथ-साथ दीर्घकालिक समाधान पर भी समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में नगरवासियों को पानी की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
इनका कहना है कि
वार्ड नम्बर 1 से 4 तक नगर परिषद राजनगर द्वारा पिछले 8 दिन पर 38 पानी टैंकर दिए गए हैं जिसमें से 8 टैंकर व्यक्तिगत लिए गए थे एवं 30 टैंकर सार्वजनिक दिए गए थे
धनंजय यादव
जल प्रभारी नगर परिषद राजनगर








