हमने बोला तो बवाल तय है

हमने बोला तो बवाल तय है

अवैध कोयला उत्खनन व शराब बिक्री के विरोध में धरना, केशवाही चौकी के बाहर प्रदर्शन

अनूपपुर –

अवैध कोयला उत्खनन, गांवों में बढ़ते अपराध और अवैध अंग्रेजी शराब बिक्री के खिलाफ शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के कार्यकर्ताओं ने केशवाही पुलिस चौकी के बाहर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन शिवसेना शहडोल संभाग अध्यक्ष पवन पटेल के नेतृत्व में 2 फरवरी को आयोजित हुआ। धरना समाप्ति के बाद शिवसैनिकों ने केशवाही चौकी प्रभारी को पुलिस अधीक्षक शहडोल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि केशवाही चौकी क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन और अंग्रेजी शराब की पैकारी खुलेआम हो रही है, जिससे गांवों में रोज विवाद की स्थिति बन रही है। ज्ञापन में शिवपाल भरिया (31) के लापता होने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। परिजनों के अनुसार शिवपाल 14 जनवरी की रात 8 बजे से लापता था, जिसकी सूचना तत्काल चौकी में दी गई थी। आरोप है कि समय रहते पुलिस सक्रिय होती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाया कि सेमरिया चौक और पकारिहा में अवैध अंग्रेजी शराब की बिक्री करवाई जा रही है। वहीं कठना नदी, मरखी माता के पास अवैध कोयला उत्खनन जोरों पर है, लेकिन चौकी प्रभारी इस पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं या जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं। धरना प्रदर्शन में शहडोल जिला अध्यक्ष शिव चक्रवर्ती, अनूपपुर जिला अध्यक्ष राजेश महाराणा, अनूपपुर विधानसभा अध्यक्ष श्रीकांत यादव, संजय महरा, भीम महरा, राहुल कोल, राजेंद्र कोल, विनय कोल, समीर कोल, आयुष वर्मन, आनंद सिंह पप्पू रैदास और हेमंत प्रजापति सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।

Bole To Bawal
Author: Bole To Bawal

Leave a Comment