हमने बोला तो बवाल तय है

हमने बोला तो बवाल तय है

बिजुरी में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, केंद्रीय बजट 2026 को बताया भरोसे का दस्तावेज

मंत्री दिलीप जायसवाल बोले – आत्मनिर्भर भारत के स्वर्णिम दशक की नींव

अनूपपुर (अरविन्द द्विवेदी) –

केंद्रीय बजट 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन का सशक्त प्रतिबिंब बताते हुए मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने इसे देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला करार दिया। नगर पालिका बिजुरी में आयोजित बजट के लाइव प्रसारण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यह बजट केवल एक वर्ष का आय-व्यय विवरण नहीं, बल्कि आने वाले दशक के भारत की स्वर्णिम इबारत है। मंत्री जायसवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने तकनीकी नवाचार, स्वदेशी निर्माण और आत्मनिर्भरता पर जो ठोस दांव लगाया है, वह भारत को अमेरिका और चीन जैसी वैश्विक महाशक्तियों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करेगा। यह बजट गांव की पगडंडी से लेकर ग्लोबल मार्केट तक भारत की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने वाला क्रांतिकारी कदम है।

नगर पालिका में उत्साह के साथ लाईव देखा गया बजट –

रविवार को नगर पालिका परिषद बिजुरी में बड़ी स्क्रीन पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने बजट के प्रावधानों को गंभीरता से सुना और इसे ऐतिहासिक बताया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीति शर्मा, डोला नगर परिषद उपाध्यक्ष रवि शंकर तिवारी, पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

भारत को वैश्विक शक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक कदम –

कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री ने बताया कि बजट में लघु, कुटीर एवं ग्रामोद्योगों के लिए किए गए प्रावधान अनूपपुर जैसे जिलों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे। यह बजट ‘अंत्योदय’ की भावना को साकार करते हुए हर हाथ को काम और हर क्षेत्र को सम्मान देने का भरोसा देता है। मंत्री जायसवाल ने बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान और श्रमिक को मुख्यधारा से जोड़ते हुए भारत को वैश्विक शक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।

महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई उड़ान –

नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका ने बजट को महिलाओं के अनुकूल बताते हुए कहा कि लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे आत्मनिर्भर बनेंगी। वहीं पूर्व उपाध्यक्ष सतीश शर्मा एवं मंडल अध्यक्ष रविंद्र ‘रिंकू’ शर्मा ने टैक्स सुधारों की सराहना करते हुए इसे मध्यम वर्ग के लिए राहतभरा और विश्वास जगाने वाला बजट बताया।

उपस्थित कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह –

विधायक प्रतिनिधि दीपक शर्मा और जिला मंत्री भूपेंद्र महरा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बजट की जनहितैषी नीतियों का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर बताया। कार्यक्रम में प्रमुख रुप से पार्षद लक्ष्मी शुक्ला, कलावती सिंह, गुंजन साहू, सभी वार्डों के पार्षद, महामंत्री कैलाश कोल, के.पी. शुक्ला, राहुल पनिका सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं भाजपा संगठन के पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

Bole To Bawal
Author: Bole To Bawal

Leave a Comment