
जनसैलाब उमड़ा, ढोल-ताशों और गगन भेदी भारत माता के जयकारों से गूंज उठा नगर
अनूपपुर (अरविन्द द्विवेदी) –
स्थानीय सब्जी मंडी ग्राउंड में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन के माध्यम से बिजुरी में सामाजिक समरसता और राष्ट्रवाद का भव्य शंखनाद हुआ। ढोल-ताशों की थाप, भगवा ध्वजों की लहर और भारत माता की जय के गगनभेदी नारों के बीच संपन्न इस आयोजन ने नगर को पूरी तरह भगवामय कर दिया। सम्मेलन में जहां प्रखर वक्ताओं ने वैचारिक पाथेय दिया, वहीं सभी जाति और वर्ग के सम्मान के साथ सर्वसमाज की एकजुटता की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली।
प्रखर वक्ताओं ने जगाई राष्ट्रवाद की अलख –
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह-बौद्धिक प्रमुख उमेश मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक चेतना और हिंदू समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि संगठित समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होता है। कार्यक्रम को जया मिश्रा, प्रदीप शास्त्री एवं मोहनी वर्मा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने धर्म, संस्कृति और देशप्रेम के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
शोभायात्रा की भव्य रैली में उमड़ा जनसैलाब –
सम्मेलन से पूर्व नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भारत माता की तस्वीर के साथ निकली इस रैली में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा एवं स्वयंसेवक शामिल हुए। ढोल-ताशों की गूंज और नारों से पूरा नगर उत्साह और ऊर्जा से सराबोर नजर आया। वहीं सम्मेलन के दौरान प्रस्तुत किए गए देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों और नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि मंच से सभी जाति और समुदायों के नागरिकों का सम्मान कर सामाजिक समरसता और एकता का सशक्त संदेश दिया गया।
नगर की रही व्यापक सहभागिता इस आयोजन में एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।
मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस ऐतिहासिक आयोजन में मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल विशेष रूप से सम्मिलित हुए। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीति शर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक शर्मा, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, सभी वार्डों के पार्षद, मोर्चा पदाधिकारी, जिला मंत्री भूपेंद्र महरा, मंडल अध्यक्ष रिंकू शर्मा, कैलाश कोल सहित आरएसएस के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम ने बिजुरी में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकजुटता की एक नई इबारत लिखी। कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति द्वारा पधारे हुए सभी नागरिकों, अतिथियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।








