
जिले की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर हुआ तेज
अनूपपुर (बागी कलम) –
भारतीय जनता पार्टी अनूपपुर मंडल अध्यक्ष की घोषणा अभी तक नहीं हो पाई है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। जिला मुख्यालय होने के साथ-साथ अनूपपुर मंडल जिले का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण मंडल माना जाता है, इसी कारण इस पद को लेकर पार्टी के भीतर विशेष गंभीरता और मंथन किया जा रहा है। वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि अनूपपुर मंडल अध्यक्ष के रूप में ऐसे कार्यकर्ता का चयन किया जाना चाहिए जो भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित हो और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर चले ।
कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व के बीच सेतु की भूमिका –
मंडल अध्यक्ष न केवल संगठन को मजबूत करने का कार्य करता है, बल्कि वह कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व के बीच सेतु की भूमिका भी निभाता है। चूंकि अनूपपुर जिला मुख्यालय है, यहां प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का निरंतर आवागमन होता रहता है। ऐसे में यह भी आवश्यक माना जा रहा है कि मंडल अध्यक्ष ऐसा हो जो मंडल क्षेत्र में ही निवास करता हो, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वह तत्काल उपलब्ध रह सके और संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन सुचारू रूप से कर सके। सूत्रों कि मानें तो पार्टी के भीतर यह भी चर्चा है कि मंडल अध्यक्ष चयन में यह जरूरी नहीं है कि संबंधित व्यक्ति कहां से आया है या किस पृष्ठभूमि से जुड़ा है.? बल्कि यह अधिक महत्वपूर्ण है कि वह व्यक्ति साफ-सुथरी और बेदाग छवि का हो, पार्टी की रीति-नीति, तथा मेहनती, सक्रिय कार्यकर्ता हो।
शीर्ष नेतृत्व योग्य और अनुभवी कार्यकर्ता को सौंपे जिम्मेदारी –
पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को पूर्ण विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मंडल अध्यक्ष चयन को लेकर सभी संगठनात्मक, सामाजिक एवं राजनीतिक पहलुओं पर गंभीरता से विचार करेगा। कार्यकर्ताओं की अपेक्षा है कि ऐसे योग्य, अनुभवी और कर्मठ कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाए, जो पार्टी की विचारधारा के प्रति निष्ठावान हो और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करने की क्षमता रखता हो। साथ ही संगठन के भीतर समन्वय बनाए रखे तथा अनूपपुर मंडल को और अधिक सशक्त, अनुशासित एवं प्रभावशाली बनाने में अहम भूमिका निभाए। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा मंडल अध्यक्ष अनूपपुर का ताज आखिर किस कार्यकर्ता के सिर पर सजता है।








