
अनूपपुर।
परिवहन नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नवागत परिवहन आयुक्त श्री उमेश जोगा एवं जिला कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देश तथा जिला परिवहन अधिकारी श्री सुरेंद्र कुमार गौतम के मार्गदर्शन में अनूपपुर जिले के RTO चेकप्वाइंट अनूपपुर-1 पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व चेकप्वाइंट प्रभारी श्री पंकज कुमार जैन ने अपनी टीम के साथ किया, जहां दिनभर वाहनों की सघन जांच की गई।
बिना वैध दस्तावेजों के पकड़े गए कई भारी वाहन
जांच के दौरान कई ऐसे भारी वाहन सामने आए जो बिना वैध परमिट एवं बिना बीमा के संचालित किए जा रहे थे। टीम द्वारा वाहन क्रमांक CG10 BGJ 8981, CG10 BW 8926, CG10 BW 8927, CG10 BX 3011, CG10 BX 3009, CG10 BW 8925, CG10 BX 3010 एवं CG10 BW 8982 को रोका गया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर इन सभी वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम 1988 एवं मध्यप्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम 1991 के प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि नियमों की अनदेखी न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि इससे आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।
एक दिन में ₹4.23 लाख का राजस्व, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
इस विशेष अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग को एक ही दिन में ₹4,23,000 का राजस्व प्राप्त हुआ। अधिकारियों ने बताया कि बॉर्डर चेकपोस्ट बंद होने के बाद कर अपवंचन यानी टैक्स चोरी के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
चेकप्वाइंट प्रभारी श्री पंकज कुमार जैन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी बिना परमिट, बिना बीमा एवं कर चोरी में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, परिवहन नियमों के पालन को सुनिश्चित करना और शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है।








